गुफ्तगू संस्था द्वारा डॉ. आकांक्षा पाल को 'कैलाश गौतम अवार्ड', प्रयागराज का बढ़ाया मान
देशभर के रचनाकारों को मिला सम्मान, कार्यक्रम में पहुंचे अभिनेता राजेन्द्र गुप्ता
प्रयागराज। साहित्यिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए समर्पित संस्था गुफ्तगू द्वारा रविवार को आर्य कन्या डिग्री कॉलेज सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में देश भर के विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, कलाकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में प्रयागराज की साहित्य एवं संगीत के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली डॉ. आकांक्षा पाल को ‘कैलाश गौतम अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। डॉ. आकांक्षा चौधरी महादेव प्रसाद महाविद्यालय की अतिथि प्रवक्ता हैं और अब तक 35 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित कर चुकी हैं। वे साहित्य और संगीत की कई पुस्तकों की लेखिका हैं और देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों की पुस्तकालयों में उनके शोध कार्य उपलब्ध हैं।
डॉ. पाल प्रयागराज की अनेक सामाजिक व साहित्यिक संस्थाओं में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। संस्था ने देश के कुल चार रचनाकारों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया, जिनमें डॉ. आकांक्षा पाल को विशिष्ट सेवा के लिए यह सम्मान मिला।
मुख्य अतिथि और अध्यक्षता
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे चर्चित बॉलीवुड अभिनेता राजेन्द्र गुप्ता, जो टेलीविजन धारावाहिक ‘चंद्रकांता’ में पंडित जगन्नाथ और ‘शक्तिमान’ जैसे सुपरहिट सीरियलों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि साहित्य और संस्कृति की सेवा करने वाले लोगों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेंद्र ने की। इस अवसर पर यमुनापार कलाकार संघ के अध्यक्ष एवं डॉ. पाल के सहयोगी प्रियांशु श्रीवास्तव ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
संस्था ‘गुफ्तगू’ की सराहना
संस्था ‘गुफ्तगू’ द्वारा निरंतर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह मंच देश भर के साहित्य और संस्कृति को एकजुट करने का कार्य कर रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है।
0 टिप्पणियाँ