तेज रफ्तार अर्टिका की टक्कर से दो की दर्दनाक मौत, औद्योगिक क्षेत्र में मचा कोहराम
मृतकों में एक नाविक व दूसरा मैजिक चालक, परिजनों में मचा कोहराम
DEVA TV
प्रयागराज। औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वामी विवेकानंद स्कूल, महुवारी के समीप रविवार शाम एक तेज रफ्तार अर्टिका कार ने दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक लवायन कला गांव के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कमलेश निषाद (45) पुत्र स्व. रामसुंदर निषाद और महाबली निषाद (36) पुत्र सियाराम निषाद रविवार शाम सरिया व सीमेंट खरीदने स्वामी विवेकानंद स्कूल के पास स्थित सूर्या ट्रेडर्स गए थे। दोनों लोग सामान लादने के बाद पास की एक पान की दुकान पर पान खाने पहुंचे। लौटते समय प्रयागराज से मिर्जापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार अर्टिका कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमलेश 100 मीटर दूर जाकर अपनी ही मैजिक गाड़ी पर जा गिरा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं महाबली गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पारिवारिक स्थिति
कमलेश निषाद अपने परिवार के लिए मैजिक और ट्रैक्टर चलाकर आजीविका चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला देवी और दो बेटियां कविता और अर्जिता हैं। वहीं, महाबली निषाद पेशे से नाविक थे और नाव चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मोना देवी और दो पुत्र शिवांश और आदित्य हैं।
पुलिस ने लिया वाहन कब्जे में
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने अर्टिका कार को कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार सवार लोग भाग गए थे, लेकिन कुछ देर बाद लौट आए। सभी नशे की हालत में लग रहे थे। पुलिस उन्हें कार सहित थाने ले गई। वहीं, थाना प्रभारी कुशल कुमार तिवारी ने बताया कि चालक और अन्य लोग मौके से फरार हैं। केवल वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा उपायों और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ