श्री गुरु के चरणों में लीन हुए स्वामी सच्चा बाबा गोपाल जी महाराज
DEVA TV
प्रयागराज। संत संघ श्री सच्चा बाबा आश्रम के अध्यक्ष संत शिरोमणि श्री स्वामी सच्चा बाबा गोपाल जी महाराज दिनांक 9 मार्च 2023 को प्रातः 6:00 बजे अपने गुरु चरणों में लीन हो गए और शरीर का परित्याग कर दिया। स्वामी गोपाल जी महाराज का जन्म सन 1924 में महाशिवरात्रि के दिन प्रयागराज के मालवीय नगर के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर के परिसर में स्वर्गीय पंडित श्री बालमुकुंद मालवीय जी के पुत्र रूप में हुआ। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से परास्नातक की डिग्री प्राप्त की। कक्षा 8 पास करने के उपरांत स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए व वायसराय को मियो हॉल में काला झंडा दिखाने के आरोप में जेल भी गए। कुछ समय पश्चात वह आरएसएस से जुड़े, वर्तमान प्रसिद्ध राजनैतिक व्यक्तियों जैसे पूर्व प्रधानमंत्री श्री मोरारजी देसाई, अटल बिहारी वाजपेई, गुलजारीलाल नंदा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री राम प्रकाश गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष केशरी नाथ त्रिपाठी, पूर्व सांसद मुरली मनोहर जोशी, पूर्व विधायक रामगोपाल संड के संपर्क में आए एवं अभिन्न संबंध स्थापित किए। इसी के साथ उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के अशोक सिंघल, संघ प्रमुख रज्जू भैया के साथ हर कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सन 1945 में प्रयागराज के प्रसिद्ध संत श्री सच्चा बाबा जी ने इन्हें अपनाया। उनके सानिध्य में इन्होंने लक्षचंडी, सहस्त्र चंडी, शतचंडी यज्ञ किए। सच्चा बाबा के छत्रछाया में इन्होंने सच्चा अध्यात्मा संस्कृत महाविद्यालय की स्थापना की ,शिक्षा शास्त्री b.ed ट्रेनिंग कॉलेज की स्थापना की व आयुर्वेदिक चिकित्सालय भी बनवाया। 1983 में सच्चा बाबा के ब्रह्मलीन होने के उपरांत उन्होंने खुद को सच्चा बाबा को समर्पित किया व तब से आज तक आश्रम को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया व विश्व में स्थापित किया।
0 टिप्पणियाँ