युवक ने पत्नी को पेट्रोल डालकर जलाया, इलाज के दौरान मौत
UP न्यूज़
प्रयागराज (देवाशीष श्रीवास्तव) : थाना क्षेत्र के छतनाग गांव में दो दिन पूर्व कलयुगी पति ने अपनी बीवी पर पेट्रोल डालकर जला दिया। विवाहिता को गंभीर हालत में एसआरएन में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मायकेवालों की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया।
थाना क्षेत्र के छतनाग गांव निवासी स्वर्गीय शंभुनाथ निषाद की बेटी संगीता का विवाह यहीं के शंतनु निषाद पुत्र बलराम से हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ दिन बाद से ही ससुराली संगीता को प्रताड़ित करने लगे थे। उसे मारापीटा भी जाता था। इसी बीच 12 अक्तूबर की सुबह तकरीबन साढ़े आठ बजे संगीता पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। मायकेवालों ने पति शंतनु पर उसे जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। विवाहिता संगीता घर के भीतर आग का गोला बनकर दौड़ती रही। आनन-फानन में विवाहिता को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा। पुलिस ने संगीता की मां लालती देवी की तहरीर पर पति शंतनु के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
0 टिप्पणियाँ